सागर-बड़े ही धूमधाम से निकाली गई श्रीजी की त्रि-मंजिला गजरथ यात्रा || SAGAR TV NEWS ||
सागर जिले के गौरझामर में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन पर श्रीजी की त्रि-मंजिला गजरथ यात्रा मुनिश्री समता सागर महाराज, मुनिश्री महासागर महाराज, मुनि श्री निष्कंपसागर महाराज के सानिध्य में निकाली गई। गजरथ यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। धूमधाम से निकली इस यात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालु घोडे पर विराजमान होकर चल रहे थे। उसके बाद श्रीजी को स्वर्ण, रजत और कांस्य के विमानों में विराजमान कर श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर चल रहे थे। उसके पीछे मुनि संघ और ब्रह्मचारी भैया बहने परंपरागत वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बिंदु बने हुए थे। इसके साथ ही वाहनों पर विधान के मुख्य पात्र विराजित होकर चल रहे थे। जगह-जगह श्रीजी की आरती उतारी गई। रथयात्रा में बच्चियां डांडिया नृत्य कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रही थी। इस दौरान भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया।