सागर पुलिस की बड़ी सफलता, डेढ़ करोड़ के 17 ट्रैक्टर जप्त किए || SAGAR TV NEWS ||
सागर पुलिस ने किराए पर ट्रैक्टर लेकर धोखाधड़ी कर बेचने वाले गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 17 ट्रैक्टर और एक लोडिंग वाहन जब्त किया है। वाहनों की कीमत 1 करोड़ 45 लाख रुपए आंकी गई है। गुरुवार को एसपी तरुण नायक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी रणवीर लोधी समेत अन्य 10 लोगों ने मामले में शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि नीरज साहू, महेंद्र गौर को किराए पर ट्रैक्टर दिए थे। 18 हजार रुपए प्रतिमाह किराए की बात पक्की हुई थी। 100 रुपए के स्टांप पर लिखापढ़ी हुई थी। आरोपियों ने कुछ महीने किराया दिया। लेकिन बाद में न तो किराया दिया और न ही वाहन लौटा रहे थे। मामले में जांच करते हुए गोपालगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। प्रकरण में तफ्तीश करते हुए पुलिस ने आरोपी नीरज साहू निवासी कटरा बाजार और सौरभ सोनी निवासी पुरव्याऊ टौरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ की तो उन्होंने िकराए पर लिए ट्रैक्टर अलग-अलग स्थानों पर बेचने की बात कबूली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन ट्रैक्टरों को बरामद कर लिया है। आरोपी फर्जी दस्तावेज बनाकर किराए पर लेकर ट्रैक्टर बेच दिया करते थे। मामले में आरोपी महेंद्र गौर फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है। कार्रवाई टीम में गोपालगंज थाना प्रभारी सतीश सिंह, सिविल लाइन टीआई नेहा गुर्जर, एसआई देवसिंह मरावी, प्रधान आरक्षक अंसार खान, रणवीर सिंह, मुकेश सहित अन्य शामिल थे।