सागर-जिंदा पति को मरा बताकर पत्नी ने ये क्या किया || SAGAR TV NEWS ||
सागर में जिंदा पति को मृत बताकर विधवा पेंशन लेने और बीपीएल कार्ड बनवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी समीम राईन निवासी केशवगंज वार्ड सागर की शादी वर्ष 2001 में अशोकनगर निवासी अख्तर खान के साथ हुई थी। शादी के बाद अख्तर सागर में भी रह रहा था। लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह वापस अशोकनगर चला गया। वर्ष 2017 में पति अख्तर ने अशोकनगर में पत्नी समीम राईन के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि पत्नी समीम फर्जी दस्तावेज बनवाकर शासन की योजनाओं का लाभ ले रही है। जांच के लिए आवेदन गोपालगंज थाना सागर भेजा गया। गोपालगंज थाना पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी समीम खान के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
जांच अधिकारी संगीता सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच में सामने आया कि आरोपी समीम ने सागर में रहते हुए वर्ष 2011 में अपने पति का नाम अनीश खान बताते हुए उसे मृत बताया था। पति अनीश की मृत्यु का प्रमाण-पत्र बनवाकर वर्ष 2012 में उसने विधवा पेंशन योजना में नाम जुड़वाया। बीपीएल कॉर्ड भी बनवाया। जांच के दौरान अख्तर खान और अनीश खान की फोटो का मिलान किया गया तो दोनों लोग एक ही निकले। अख्तर ही अनीश नाम लिखता है। अख्तर की जानकारी निकाली तो वह जिंदा है और अशोकनगर में रह रहा है।