Sagar- कटरा बाजार की राखी दुकानों में फैला करंट, व्यापारी के साथ अनहोनी | SAGAR TV NEWS |
सागर के कटरा बाजार स्थित नमक मंडी क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां राखी की अस्थाई दुकान तैयार करते समय करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यापारी विजय जैन उर्फ कक्का जी की मौत हो गई। हादसे के बाद त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी
जानकारी के अनुसार, बड़ा बाजार निवासी विजय जैन रक्षाबंधन पर्व के लिए नमक मंडी क्षेत्र में लगाई गई राखी दुकान को तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बिजली की लाइन से करंट उतरने की आशंका के चलते वह इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि करंट दो से तीन अस्थाई दुकानों तक फैल गया था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विजय जैन को तत्काल उपचार के लिए भाग्योदय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्रित हो गए।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दुकान में इस्तेमाल किए जा रहे लोहे के पाइप के बिजली की लाइन के संपर्क में आने से करंट फैला हो सकता है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि त्यौहार के दौरान अस्थाई दुकानों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाना बेहद जरूरी है।