सागर- रसोई गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा, नई क़ीमतें आज से लागू, जाने क्या है रेट | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश में रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. केंद्र सरकार द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश के शहरों में नए रेट लागू हो गए हैं. बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से प्रभावी हो गई हैं. इसके साथ ही आम लोगों के मासिक घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रदेश के अलग-अलग शहरों में एलपीजी सिलेंडर के दाम अलग-अलग तय होते हैं. इस बार घरेलू सिलेंडर के दाम में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये तक का इजाफा हुआ है.
सागर में 935 रूपये का हो गया, पहले यह कीमत 875 रूपये थी, दमोह में भी गैस सिलेंडर नए दाम 935 रूपये हो गए, इसके अलावा मध्य प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो अब भोपाल में 918 रुपए, इंदौर में 941 रुपए, ग्वालियर में 996 रुपए, जबलपुर में 919 रुपए और उज्जैन में 972 रुपए में एलपीजी सिलेंडर मिलेगा।
इससे पहले 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 31 रुपए तक बढ़ाए गए थे। अब घरेलू गैस सिलेंडर के रेट भी बढ़ गए हैं। सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ऐसे वक्त की है, जब अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते देश में गैस किल्लत की आशंका जताई जा रही है।