दुल्हन का टूटा सपना, दहेज़ के लोभियों ने मांगे 21 लाख रूपये और 2 तोला सोना और फिर
एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरी में कविता की जिंदगी का सबसे बड़ा सपना उस दिन चकनाचूर हो गया, जब दहेज के लालच ने उसके प्यार और भरोसे को तोड़ दिया। कविता के घर वाले अपनी हैसियत से बढ़कर, ग्यारह लाख रुपए का इंतजाम कर बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डीलन पटेल के बेटे आकाश से उसका रिश्ता तय कर चुके थे। लेकिन दहेज में और 11 लाख के अलावा, 10 लाख रूपये और 2 तोला सोना शादी के कार्ड छप जाने के बाद फिर से माँगा गया, लेकिन लड़की पक्ष ने जब मना किया, तो लड़के पक्ष ने रिश्ता ही तोड़ दिया। यहाँ तक कि लड़का पक्ष ने ओली भरते समय पाँव पराई के नाम पर 5 लाख रूपये पहले ही ले चुके थे और शादी टूटने के बाद वापस पैसा देने पर आना-कानी कर रहे हैं।
लड़की पक्ष के लोग पुलिस से लेकर कलेक्टर तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। शादी के सारे इंतजाम पूरे कर दिए गए थे, लेकिन लड़के वालों की दहेज की मांग पूरी न होने पर बारात आई ही नहीं। सजे-धजे मंडप के बीच कविता अकेली बैठी रही, मेहंदी सूख गई, लेकिन उसके सपनों की रंगत उससे पहले ही उतर चुकी थी। पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्णा एस थोटा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और थाना प्रभारी को कार्यवाही के लिए निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जैसे तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।