अवैध कोयला खदान में पति-पत्नी के साथ हो गई बड़ी अनहोनी और फिर परिवार की 5 बेटियों का भविष्य अधर में
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध कोयला खदान की मिट्टी धसकने से पति-पत्नी की जान चली गई। यह घटना जिले के बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगंवा में हुई। पुलिस के अनुसार, धनगंवा निवासी ओंकार यादव अपनी पत्नी के साथ चुनहा गड़ई नाला के पास अवैध कोयला खदान में कोयला लेने गए थे। इसी दौरान कोयला निकलते समय अचानक कोयला खदान धसक गई,
जिससे उसके चपेट में आने से मिट्टी के ढेर में दबने से पति-पत्नी की मौके पर ही जान चली गई। घटना की जानकारी लगने पर मौके पर पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच कर मौका मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि मृतक दंपती के परिवार में 5 बेटियां हैं, जिनका भविष्य अब अधर में लटक गया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों ने अवैध कोयला खदानों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अवैध कोयला खदानों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।