मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने की 17 धार्मिक स्थानों पर शराबबंदी की घोषणा देखिये
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित ऑल इंडिया प्रो-कबड्डी टूर्नामेंट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों और जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 17 धार्मिक स्थानों पर शराबबंदी की जाएगी। भारत के खिलाड़ी अपनी ताकत, कौशल और बुद्धिमत्ता से वैश्विक पहचान बना रहे हैं । मुख्यमंत्री ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई शिक्षा नीति में खेलों को विषय के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने सहयोग क्रीड़ा मंडल को 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और भविष्य में कबड्डी लीग कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, गरीबों, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं के लिए लाखों सरकारी पदों पर नियुक्तियां जल्द की जाएंगी। प्रदेश में भगवान राम और कृष्ण से जुड़े स्थानों को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, 17 धार्मिक स्थानों पर शराबबंदी की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 135 करोड़ रुपये की लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण किया और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, सांसद चौधरी दर्शन सिंह, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, और महेन्द्र नागेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।