सागर- हितग्राहियों को मिली बड़ी सहायता,CM की सिंगल क्लिक से 1 करोड़ 80 लाख रुपए की राशि वितरित
सागर जिले के गढ़ाकोटा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के खातों में सहायता राशि ट्रांसफर की। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने नगर पालिका परिषद गढ़ाकोटा के 15 हितग्राहियों को सामान्य मृत्यु पर 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा, तीन हितग्राहियों की दुर्घटना में मृत्यु पर 12 लाख रुपए की सहायता और 6 लोगों को 5-5 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता की नगद राशि भी प्रदान की गई। इसी तरह, नगर पालिका रहली के 6 हितग्राहियों को सामान्य मृत्यु पर
12 लाख रुपए की सहायता और शाहपुर नगर परिषद के 1 हितग्राही को सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। कुल मिलाकर, 1 करोड़ 80 लाख रुपए की राशि सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई। इस कार्यक्रम में पूरे विधानसभा क्षेत्र में सामान्य मृत्यु के 70 हितग्राहियों और दुर्घटना मृत्यु के 10 हितग्राहियों के परिजनों को सहायता राशि का वितरण किया गया।