सागर-मतदान को सफल बनाने महिलाओं ने निकाली वाहन रैली, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

 

लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाकर शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर सागर में प्रशासन की ओर से महिला जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसमें सरकारी विभागों और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं ने शामिल होकर चलें बूथ की ओर का नारा बुलंद किया। डॉ हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय से रैली का शुभारंभ हुआ। वाहन रैली के प्रारंभ में सभी महिलाओं एवं उपस्थित जनसमूह को मतदान जागरूकता की शपथ दिलाई गई।

 

इसके बाद स्वीप सागर शब्द पर महिलाओं द्वारा वाहन खड़े करके प्रतीकात्मक रूप से मतदान करने की अपील की गई। इसके बाद करीब पांच सौ महिलाएं दो पहिया वाहनों पर सवार होकर शहर की मुख्य सड़कों से नारे लगाते हुए निकलीं। शत प्रतिशत मतदान हम सभी का एक ही संदेश, 7 मई का दिन विशेष संदेश को जन—जन तक पहुंचाया गया। वाहन रैली शहर के विभिन्न मार्गो से होती हुई गुजरी तो शहर के नागरिकों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया।

 

कहीं पुष्प वर्षा तो कहीं तालियों से जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। मेडिकल कॉलेज के बाद दीनदयाल चौराहे से होते हुए कॉरीडोर से चलते हुए रैली गौरमूर्ति तीन बत्ती पर समाप्त हुई। कलेक्टर दीपक आर्य ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। वे देश की 50 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करती हैं। महिलाएं लोकसभा निर्वाचन में मतदान में अग्रणी भूमिका निभायें तथा परिवार के सभी सदस्यों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें। विश्व में अनेक देश ऐसे रहे हैं जिन्होने महिलाओं को पुरूषों के समान मतदान करने का अधिकार नहीं दिया था लेकिन भारत ने समान रूप से स्वतंत्रता के बाद से ही

 

पुरूष एवं महिलाओं को मतदान करने का अधिकार दिया है। वाहन रैली में महिला बाल विकास स्वास्थ विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, शहरी आजीविका मिशन पुलिस विभाग द्वारा सहभागिता की गई। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील जैन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, एडीएम रुपेश उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ और स्वीप नोडल अधिकारी पीसी शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 
 
 

By - sagar tv news
04-May-2024

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.